हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के खजुरहरा गांव में सोमवार शाम तेज रफ्तार पिकअप ने एक बच्ची को टक्कर मार दी। भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पिकअप समेत पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खजुरहरा गांव निवासी रफीक मजदूरी करते हैं। रफीक ने बताया कि उनकी बेटी सुन्नती (4) सोमवार देर शाम घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इस दौरान हरदोई की ओर से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर से बच्ची सड़क पर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके साथ खेल रहे अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद पिकअप चालक ने भागने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों ने पिकअप घेर कर चालक को पकड़ लिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। परिजन गंभीर हालत में सुन्नती को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। सुन्नती की मौत से मां मोमिना का रो-रोकर बुरा हाल है। सुन्नती तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटी थी। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। सुरसा थाना प्रभारी विश्वास शर्मा ने बताया कि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजन की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।