हरदोई। गांवों के बेघर परिवारों में से 1,673 परिवारों की दिवाली शुभ संदेश लेकर आई। इन परिवारों को आवासों की स्वीकृति के साथ ही काम कराए जाने के लिए पहली किस्त में 3,34,60,000 रुपये जारी किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्र के बेघर और जरूरतमंद पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) और मुख्यमंत्री आवास योजना (सीएमएवाई) ग्रामीण में आवास दिए जा रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष में दोनों योजना में 1,673 परिवारों को दिवाली पर आवास स्वीकृति दी गई। जिसमें 492 परिवार पीएमएवाई और 1,181 परिवार सीएमएवाई में शामिल हैं। काम कराने के लिए पहली किस्त में 20-20 हजार रुपये भी जारी कर दिए गए हैं। इन परिवारों को आवास मिल जाने से दिवाली की खुशियां कई गुणा बढ़ गई हैं।
लाभार्थियों को किस्त जारी करने में हरदोई प्रदेश में पहली पायदान आया है। बीडीओ से कहा गया है कि वह लाभार्थियों की ओर से कराए जाने वाले काम पर पंचायत सचिव के माध्यम से नजर रखे, जिससे आवास समय से पूरा हो सके।
प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक डीआरडीए