नए साल से लागू होने वाली कुकिंग गैस सब्सिडी इन बैंक
एकाउंट योजना के लागू होने से पहले ही गैस एजेंसियों की मनमानी सामने आने
लगी है। उपभोक्ताओं के हितों के साथ खिलवाड़ करने के आरोपों से घिरी गैस
एजेंसियों के खिलाफ आज लोगों का गुस्सा उबाल मार कर सड़क पर आ गया और लोगों
ने गैस एजेंसियों पर सब्सिडी वाले सिलेंडर हड़पने का आरोप लगाते हुए
चौराहे पर जाम लगा दिया।
काफी देर तक जाम लगा रहा, जिससे एंबुलेंस सहित
तमाम वाहन फंसे रहे। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से समझा
बुझाकर लोगों को शांत कर जाम खुलवाया। इस बाबत डीएसओ कुमार निर्मलेंदु ने
मामले में जांच कराकर कार्रवाई करने की बात कही है। शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ा चौराहा के निकट जाम लगा रहे लोगों में
भैयालाल, धर्मेंद्र, जीतेंद्र मिश्रा, छबिनाथ, संतराम, सुशांत, अलखराज,
शंभू, श्यामा कुमार, छत्तरपाल, जेपी वर्मा, जितेंद्र त्रिपाठी, धीरेश सिंह,
गजराज, राहुल सिंह, युसुफ अली, राजू आदि ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों
द्वारा गैस रिफिल के लिए पर्चियां नहीं काटी जा रही है।
15 दिन पूर्व बुक
कराई गई रिफिलों की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। इसके अलावा आरोप
लगाया कि उपभोक्ताओं के लिए आने वाली सब्सिडी की रिफिलों की कालाबाजारी
कराई जा रही है। उपभोक्ताओं द्वारा पहले रामदत्त चौराहे के पास जाम लगाकर
वहां स्थित गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की गई, इसके बाद बडे़ चौराहे के
पास जाम लगाकर सिनेमा रोड स्थित गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की गई।
जाम
से तमाम वाहन फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम
खुलवाया। इस संबंध में डीएसओ कुमार निर्मलेंदु ने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा
जाम लगाए जाने की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि इस बाबत जिलाधिकारी के
निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।