- पूर्व दी गई तिथियों में किया गया संशोधन
- शाहजहांपुर से गोरखपुर तक वाया सीतापुर से जाएगी ट्रेन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बालामऊ में पटरियों को बदलने के लिए कराए जा रहे कार्याें के चलते ट्रेनों को निरस्त किया गया है और कुछ के मार्ग में परिवर्तन भी किया गया। गरीब रथ एक्सप्रेस भी कुछ दिनों तक परिवर्तित मार्ग से जाएगी। इसके संबंध में शनिवार को रेलवे की ओर से संशोधित तिथियां जारी की गई हैं।
मंडल के बालामऊ स्टेशन पर स्टेशन के नवीनीकरण और पटरियों को बदलने के लिए ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। हरदोई से होकर जाने वाली ट्रेनों को निरस्त किया गया है और ट्रेनों के मार्ग भी बदले गए हैं। इसके ही क्रम में सहरसा से अमृतसर के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस का मार्ग भी बदला गया है। यह ट्रेन फरवरी में कुछ दिनों तक हरदोई स्टेशन पर नहीं आएगी। ट्रेन शाहजहांपुर से गोरखपुर के बीच सीतापुर सिटी स्टेशन से होकर आवागमन करेगी। वरिष्ठ मंडल रेल प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 12203 सहरसा से चलकर अमृतसर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस अब 10, 13, 16 और 17 को परिवर्तित मार्ग से जाएगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 12204 अमृतसर से सहरसा के बीच में गरीब रथ एक्सप्रेस 09, 12, 15 और 16 फरवरी को बदले रूट से जाएगी।