हरदोई। ट्रेन की लेट लतीफी को कम करने के लिए रेलवे नित नए प्रयोग कर रहा है, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। रेलवे ने सप्ताह में तीन दिन संचालित होने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस के स्टेशन में बदलाव कर दिया है। यह ट्रेन अब से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के स्थान पर पुरानी दिल्ली से संचालित होगी। स्टेशनों पर पहुंचने के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
दिल्ली से चलकर अमृतसर जाने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस 12203 सप्ताह में सोमवार, बृहस्पतिवार और रविवार को संचालित होती है। नई दिल्ली से तमाम ट्रेनों का संचालन होने में इस ट्रेन चलने को अक्सर रिशेड्यूल करना पड़ जाता है। ऐसे में ट्रेन लगातार लेट हो रही है। इसको लेकर ही अब रेलवे ने ट्रेन के आरंभ और गंतव्य स्टेशन में परिवर्तन कर दिया है। यह ट्रेन 17 अगस्त से पुरानी दिल्ली स्टेशन से संचालित होगी।
पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से अमृतसर की ओर संचालित होने से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को असुविधा हो सकती है। मंडल वरिष्ठ वाणिज्य रेल प्रबंंधक आदित्य गुप्ता ने बताया कि रेल प्रशासन की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि ट्रेन के समय में किसी भी तरह का कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। ट्रेन अपने नियत समय से ही संचालित होगी।