शाहाबाद। डीएम पुलकित खरे ने शनिवार को नगर की नवीन गल्ला मंडी में स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसएफसी क्रय केंद्र बंद मिला। मंडी में धान की आवक तेज होने के बाद दोपहर तक विपणन के सेंटर पर खरीद न होने पर नाराजगी जताई।
मंडी पहुंचे डीएम पुलकित खरे ने धान की आवक के बारे में जानकारी ली। मौजूद किसान व अन्य लोगों ने बताया कि बाजार में धान की आवक तेज हो गई, जबकि क्रय केंद्रों पर खरीद नहीं की जा रही है। डीएम ने सेंटर पर मौजूद किसान जसवंत सिंह, अमरजीत सिंह निवासी रसूलपुर व दिलबाग सिंह एवं जसवंत सिंह निवासी ग्राम परेली ने बताया कि सरकारी क्रय केंद्रों पर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है। किसानों को धान में नमी होने समेत अन्य मानकों पर धान खरा न उतरने की बात कहकर टरका दिया जाता है, जिसके चलते किसान बाजार में कम दामों पर धान बेंचने को मजबूर हैं। दोपहर तक विपणन के क्रय केंद्र पर खरीद न होने व सन्नाटा पसरा मिलने पर डीएम ने केंद्र प्रभारी अवनीश कुमार को फटकार लगाई। किसानों की शिकायत पर डीएम ने डिप्टी आरएमओ से फोन पर वार्ता कर उन्हें मंडी में चार अतिरिक्त सेंटर खोले जाने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीएम शाहाबाद को धान खरीद की लगातार मानीटरिंग करने के निर्देश दिए।