हरदोई। सुरसा ब्लाक के परिषदीय स्कूलों के निरीक्षण में बीएसए को घोर लापरवाही मिली। अव्यवस्थाएं पाए जाने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापक को प्रतिकूल प्रविष्टि दी वहीं तीन शिक्षकों के वेतन पर रोक लगा दी। सुरसा बीईओ से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने बताया कि सुरसा के उच्च प्राथमिक विद्यालय पचकोहरा का शनिवार को निरीक्षण किया गया जिसमें सहायक अध्यापक सुमन भास्कर बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहीं। 63 के सापेक्ष मात्र 20 बच्चे मिले। लाइब्रेरी में किताबें भी नहीं मिलीं। शिक्षिका सुमन के वेतन आहरण पर रोक लगाने के साथ इंचार्ज अध्यापक प्रमोद कुमार से स्पष्टीकरण मांगा है। प्राथमिक विद्यालय बड़ौआ में लाइब्रेरी में पुस्तकें नियमानुसार नहीं पाई गई। विकास अनुदान की पास बुक में इंट्री भी नहीं मिली। कमियों के कारण प्रधानाध्यापिका रंजना गुप्ता से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय इच्छनापुर का निरीक्षण हुआ। 137 के सापेक्ष मात्र 25 बच्चे मिले। सहायक अध्यापक आकांक्षा सिंह चौहान अनुपस्थित रहीं। जिससे उनके वेतन पर रोक लगाई गई जबकि प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। प्राथमिक विद्यालय इच्छनापुर में 45 के सापेक्ष 22 बच्चे मिले। शिक्षामित्र रेखा देवी अनुपस्थित पाई गई। उनका मानदेय रोका गया है। इसके अलावा कमियों के कारण प्रधानाध्यापक उमाशंकर को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बीएसए से बताया कि सभी निरीक्षण वाले विद्यालयों में कमियां पाई गई जिसके बाद बीईओ भगवान राव से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है कि आखिर उनके द्वारा निरीक्षण हो रहे हैं तो इतनी कमियां क्यों सामने आ रहीं हैं।