फोटाे- 22- प्लेटफार्म पर ट्रेन का कुछ इस तरह होता इंतजार। संवाद
हरदोई। घने कोहरे और धुंध का असर ट्रेनों के संचालन पर बदस्तूर जारी है। स्थानीय स्टेशन पर रुकने वाली लगभग आधा दर्जन ट्रेनें निर्धारित समय से घंटों की देरी से चल रही हैं। ट्रेनों में देरी से यात्रियों को सर्द रातों में प्लेटफार्म पर घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, प्लेटफार्म पर समुचित व्यवस्था न होने से यात्री जमीन पर बैठने को मजबूर हैं।
कोहरे की वजह से अप और डाउन रूट की तमाम ट्रेनें घंटों देरी से आ रही हैं। इनमें नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली मेल ट्रेन 2:26 मिनट की देरी से हरदोई पहुंची। चंडीगढ़ से लखनऊ चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस 3:16 मिनट की देरी से, योग नगरी ऋषिकेश से हावड़ा जाने वाली दून एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से, लालगढ़ से डिब्रूगढ़ जाने वाली अवध असम एक्सप्रेस 4:16 मिनट की देरी से, लखनऊ से मेरठ सिटी जाने वाली राजरानी एक्सप्रेस पौने दो घंटे की देरी से, सियालदह एक्सप्रेस तीन घंटे और अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल करीब 9:10 मिनट की देरी से हरदोई स्टेशन पर पहुंची। ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि प्लेटफार्म पर ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। सीमित बेंच और ठंड से बचाव के इंतजाम न होने के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को जमीन पर चादर व कंबल बिछाकर बैठना पड़ रहा है। सीएमआई ने बताया कि यात्रियों के रुकने के लिए जिला प्रशासन ने कुछ दूरी पर रैन बसेरे बनाए हैं। यात्रियों को वहां जाने के लिए भी कहा जाता है।