फोटो-39-गोपामऊ में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एएसपी कपिल देव व एडीएम संजय कुमार सिंह व अन्य। सं
- फोटो : HARDOI
हरदोई में आगामी त्यौहारों के मद्देनजर शनिवार को डीएम व एसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के मुख्य मार्गों पर फ्लैग मार्च कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इसके साथ ही बंदी का भी पूर्णतया पालन करने की अपील की। पुलिस बल नुमाइश चौराहे से होकर सोल्जर बोर्ड बड़ा चौराहा पहुंचा। जहां पर राहगीरों से मास्क लगाने व भीड़भाड़ न लगाने को कहा।
उधर गोपामऊ में एडीएम संजय कुमार सिंह, एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह व एसडीएम सदर राकेश गुप्ता ने शनिवार को पुलिस के साथ कस्बे में भ्रमण किया। अधिकारियों ने पुलिस चौकी समेत नगर के मोहल्ला अचरंजन, बंजारा, कन्नौजी पूर्वी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एएसपी कपिल देव सिंह ने कहा कि मोहर्रम व गणेश चतुर्थी पर किसी प्रकार का सामूहिक आयोजन नही होगा। घरों में ही कार्यक्रम करें। घरों में ही ताजिया रखें और सुबह दो लोगों के साथ उसे कर्बला में दफन करें। इस मौके पर नायब तहसीलदार विष्णुदत्त मिश्रा, एसओ शिवशंकर सिंह, चौकी इंचार्ज संजय सिंह, नगर पंचायत लिपिक विजय तिवारी व मोबीन खान आदि मौजूद रहे।
पिहानी में एसडीएम शाहाबाद अतुल प्रकाश श्रीवास्तव व कोतवाल महेश चंद ने शनिवार को पुलिस बल के साथ नगर में मार्च किया। मोहर्रम व गणेश उत्सव पर सामूहिक कार्यक्रम न आयोजित करने की अपील की। नौवीं मोहर्रम को लेकर मोहल्ला नागर, खुरमुली, बस स्टैंड, बड़ा चौराहा, कोटकलां, नई बस्ती व बंदर पार्क इलाके में भ्रमण किया। इस मौके पर ईओ अहिबरन लाल व कस्बा चौकी प्रभारी वर्मा रमेश सिंह मौजूद रहे।