हरदोई। चालकों और गार्ड की कमी से बंद की गईं पांच जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें जल्द शुरू की जाएंगी। यात्रियों की आंदोलन की चेतावनी पर डीएम, एसपी ने डीआरएम से बात करने के साथ चिट्ठी भी लिखी थी। अपने आला अधिकारियों से बातचीत के बाद डीआरएम ने एसपी कार्यालय एक पत्र भेजा है।
इसमें बंद पैसेंजर ट्रेनों को जल्द शुरू कराने की बात कही गई है।
हरदोई रेलवे स्टेशन से निकलने वाली पांच जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन 27 व 28 जुलाई से बंद हो गया था। इसके पीछे चालकों और गार्ड की कमी बताई जा रही थी। पैसेंजर ट्रेनें बंद होने से रोज लखनऊ, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली आदि जाने वाले यात्रियों को परेशानी होने लगी थी।
बेहटा गोकुल व शर्मा हाल्ट के आसपास के ग्रामीणों ने डीएम विवेक वार्ष्णेय और एसपी उमेश कुमार सिंह को ज्ञापन दिया था। इसमें पैसेंजर ट्रेनें 12 अगस्त तक शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। यात्रियों की समस्याओं को देखते हुए डीएम और एसपी ने डीआरएम मुरादाबाद से फोन पर वार्ता की थी।
डीआरएम ने अपने आला अधिकारियों से बातकर ट्रेनें जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया था। एसपी ने डीआरएम को चिट्ठी भी लिखी थी। डीआरएम कार्यालय से 12 अगस्त को एसपी कार्यालय एक पत्र आया है। इसमें पैसेंजर ट्रेनों के जल्द शुरू कराने की बात कही गई है। स्टेशन अधीक्षक रामरतन सिंह का कहना है मैने सुना तो है लेकिन फिलहाल मेरे पास लिखित आदेश नहीं आया है।
जल्द चलेंगी ये पैसेंजर ट्रेन
लखनऊ सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन संख्या अप 54251 व 54252 डाउन, बालामऊ शाहजहांपुर पैसेंजर 54229 व 54230, शाहजहांपुर सीतापुर सिटी 54327 व 54328, इलाहाबाद बरेली पैसेंजर ट्रेन संख्या 54377 व 54378, शाहजहांपुर लखनऊ मेमो ट्रेन संख्या 6221 व 6222 जल्द शुरू की जाएंगी।