हरदोई में अतरौली पुलिस ने पांच अंतर्राज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी के दो ट्रैक्टर और 13 बाइकें बरामद कीं हैं। ये वाहन लखनऊ और सीतापुर से चुराए गए थे।
शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी पूर्वी अनिल कुमार यादव ने बताया कि अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी गुरुवार शाम सारंगपुर चौकी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सारंगपुर चौकी के निकट बाड़िलबाबा तिराहा मोड़ के पास आम के बाग में कुछ संदिग्ध लोगों के मौजूद होने की जानकारी मिली। इस पर कोतवाल टीम के साथ वहां पहुंच गए।
मौके से सुनील गुप्ता पुत्र महेश्वर गुप्ता निवासी मंझार, राजेश पुत्र छोटा निवासी सांडा, श्याम सरन पुत्र राजेंद्र प्रसाद निवासी टिठई, मलखान पुत्र मेहंदीलाल निवासी तरखल थाना अतरौली और विमलेश उर्फ महात्मा पुत्र बाबूराम निवासी खजुआ थाना मोहम्मदी जनपद लखीमपुर खीरी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की 13 बाइकें और दो ट्रैक्टर बरामद हुए।
एएसपी ने बताया कि ये शातिर हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी आदि जनपदों में वाहन चोरी कर दूसरे राज्यों में बेचते थे। एसपी अमित कुमार ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। टीम में अतरौली के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी, एसआई महेंद्र सिंह, दीवान संतोष सिंह, सिपाही पंकज कुमार, जय प्रकाश वाजपेयी, हर्षेंद्र बहादुर सिंह, अरुण कुमार यादव, दीपक कुमार, राहुल यादव और जय प्रकाश शामिल हैं।