हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी के निकट एलपीजी कुकिंग गैस सिलेंडर से रिफलिंग करते समय लगी आग से दुकान समेत पांच खोखे जलकर राख हो गए। इस घटना में एक मिनी समेत पांच सिलेंडर आग की चपेट में आकर फट गए। दमकल कर्मियों ने जैसे तैसे पानी डालकर आग पर काबू पाया। घटना से क्षेत्र में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंचे एएसपी समेत कोतवाली पुलिस घटना का जायजा लिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ रोड पर सब्जी मंडी के निकट बुधवार की देर रात सब्जी मंडी के पास रखे राम सेवक के खोखे (लकड़ी की दुकान) में गैस की रिफलिंग की जा रही थी। बताते हैं कि रिफलिंग करते समय अचानक आग लग गई। आग की लपटें हवा के साथ आस पास फैल गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे पांच खोखों को अपने चपेट में ले लिया।
खोखों में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। इससे सिलेंडर फटने लगे। घटना में चार बड़े सिलेंडर और एक छोटा सिलेंडर फट गया। इससे उसकी चपेट में आस पास का क्षेत्र आ गया। सिलेंडरों के धमाके के कारण भगदड़ मच गई। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और फायर कर्मियों ने भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दु़बे, एसडीएम पप्पू गुप्ता,सीओ सिटी राम लाल राय और कोतवाल सुजीत दुबे मौके पर पहुंचे और आस पास का क्षेत्र खाली कराया। अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे ने बताया कि मामले की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।