फोटो-15- मोबाइल की दुकान में लगी आग बुझाता दमकल कर्मी। संवाद
हरदोई। दिवाली की रात मोबाइल की बंद दुकान में आग लग गई। सकरी गली में दुकान होने के कारण आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। एक घंटे की कवायद के बाद आग को काबू में किया जा सका। दुकान मालिक का दावा है कि शॉर्ट सर्किट से लगी आग से लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
शहर के नबीपुरवा निवासी हिमांशु सिंह की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान मिर्चाराम वाली गली में है। पड़ोस में उनके चाचा अंकित सिंह की भी मोबाइल की दुकान है। हिमांशु सिंह के मुताबिक, सोमवार शाम 6:30 बजे पूजा करने के बाद वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। कुछ देर बाद अंकित और उनके पड़ोसी दुकानदार ललित सिंह को हिमांशु की दुकान के अंदर से धुआंं आता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं।
इसी बीच अंकित और हिमांशु ने अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी राहत वाहनों के साथ पहुंच गए। अग्निशमन अधिकारी शिवराम सिंह का दावा है कि लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हिमांशु का दावा है कि आग से 20 लाख रुपये का सामान जल गया। इसमें नए पुराने मोबाइल, डिस्प्ले, टेंपर्ड ग्लास, चार्जर, डाटा केबल, एलसीडी, सीएमडी मशीन, प्लाटर स्कोप, फोल्डर मशीन आदि शामिल हैं।
दीये की रोशनी को समझा आग, मची खलबली
हिमांशु की दुकान से दो दुकान छोड़कर एक मोबाइल की दुकान है। जहां बंद दुकान से दिये की रोशनी बाहर आ रही थी। वहां मौजूद लोग समझे कि इस दुकान में भी आग लगी है। वहां से लोग इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने दुकान खुलवाई। देखने पर मालूम चला कि दीयों की रोशनी बाहर आ रही थी। इसके बाद दीयों को बुझा कर दुकान बंद कराई गई।