टड़ियावां। अहिरोरी परसपुर मार्ग पर बाइक सवार युवक संदिग्ध हालात में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इसके बाद वह पुलिया के नीचे भरे पानी में जा गिरा। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया। यहां उसे मृत घाेषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम में पानी में डूबकर मौत होने की बात सामने आई है।
बघौली थाना क्षेत्र के बेहटा मुतर्जबक्श निवासी अंकित कुशवाहा उर्फ शहतू (26) खेती करते थे। पिता श्रवण के मुताबिक, अंकित अकेला ही रहता था। उसकी पत्नी पूजा अपने मायके लोनार कोतवाली क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव में थी। मंगलवार सुबह अंकित परसपुर पुलिया के पास पानी में पड़े मिले। उनकी बाइक पेड़ के पास पड़ी मिली। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक अंकित पेड़ से टकराकर पुलिया के पास भरे पानी में जा गिरे थे। सीएचसी में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में मौत हुई है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं।