हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के देविनपुरवा में बीते आठ जून को विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के लीलापुरवा निवासी विकट बहादुर एक प्राइवेट बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर हैं। वह परिवार के साथ शहर के देविनपुरवा में किराये पर रहते हैं। पिछले कुछ दिनोें से उनकी बहन शिल्पी भी साथ में रह रही थी। आठ जून को दिन में लगभग 10 बजे विकट बहादुर की पत्नी अंजू (24) कमरे में फंदे से लटकी मिली थीं। डेढ़ साल के बच्चे के रोने पर घटना का पता चला था। परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए थे, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था।
अब इसी मामले में मृतका के पिता शाहजहांपुर जनपद के सेहरामऊ थाना क्षेत्र के महमदपुर निवासी अमर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि ससुरालीजन दहेज में कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर अंजू को प्रताड़ित करते थे और इसी वजह से गला दबाकर अंजू की हत्या कर दी। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मृतका के पति विकट बहादुर, ससुर राम विलास, सास सरोजनी देवी और ननदों शिल्पी और प्रियंका के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।