हरदोई। ओवरलोड कम करने और बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान नौ लोग चोरी से बिजली का उपभोग करते मिले। सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ी है। ओवरलोड के कारण लोकल फॉल्ट भी बढ़ रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए ओवरलोड वाले फीडरों की लगातार जांच की जा रही है। इसके लिए बिजली कर्मियों की टीम रात में भ्रमण पर निकल रही है। बुधवार रात शहर के प्रगतिनगर, आशानगर में बिजली लाइनों की जांच की गई। जांच के दौरान पांच लोग कटिया डाल कर बिजली चोरी करते मिले। सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
वहीं विद्युत उपकेंद्र बेहटा गोकुल से जुड़े क्षेत्र में जांच के दौरान चार लोग बिजली चोरी करते मिले। सभी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अधिशासी अभियंता प्रेम प्रकाश सिंह ने बताया कि बिजली की ओवरलोडिंग रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उपभोक्ता स्वीकृत लोड के अनुसार की बिजली का उपभोग करें। बिजली आने पर एक साथ सारे उपकरण शुरू न करें। नियमित कनेक्शन लें, अनाधिकृत रूप से बिजली का उपभोग न करें। अभियान लगातार जारी रहेगा।