हरदोई। जिले के प्रभारी व समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने शुक्रवार को नवीन फल और गल्ला मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से वार्ता की इसमें गेहूं के मूल्य को बढ़ाने का सुझाव दिया गया। प्रभारी मंत्री ने आश्वासन देकर मंडी की सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए।
गेहूं क्रय केंद्रों पर खरीद की व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने फल मंडी गेट से प्रवेश कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसमें मंडी में सफाई के बावजूद काफी गंदगी मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और सफाई का टेंडर दोबारा करवाकर व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।
मंडी सचिव ज्योति जौहरी ने जिले के डेढ़ लाख किसानों को एसएमएस भेजने की बात कही। इसमें क्रय केंद्र पर आए 2500 में से करीब 1700 किसानों को भुगतान कर दिए जाने की बात बताई। 12 किसानों का भुगतान बैंक खाते में आधार अपडेट न हाेने की वजह से न होने और अन्य का भुगतान जल्द कराने की बात कही।
मंडी समिति के पदाधिकारियों ने अधिकारियों की ओर से पूरा सहयोग मिलने की बात कही। उन्होंने किसानों से वार्ता की। किसानों ने मूल्य बढ़ाने का सुझाव दिया। बताया कि आढ़तों पर अधिक मूल्य मिल जाता है और क्रय केंद्र पर 2425 रुपये ही मूल्य है। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री के समक्ष सुझाव रखने का आश्वासन दिया।
गेहूं के मानकों की जांच की
हरदोई। मंडी में खरीदे जाने वाले गेहूं की जांच का मानक भी प्रभारी मंत्री ने अपने सामने जंचवाया। नमी जांचने वाली मशीन में गेंहू की जांच कराई और नमी अधिक होने पर किसान के नुकसान की जानकारी ली। इस पर क्रय केंद्र प्रभारी ने 10 से 14 प्रतिशत तक गेहूं का मानक लिए जाने और उसके बाद अधिक होने पर प्रतिशत के आधार पर कटौती करने की जानकारी दी। (संवाद)