फोटो-16- विद्युत उपकेंद्र परिसर में धरने पर बैठे किसान। संवाद
बघौली। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के बैनर तले बृहस्पतिवार को बघौली पावर हाउस परिसर में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के निस्तारण के संबंध में नायब तहसीलदार को आठ सूत्री मांग पत्र सौंपा।
संगठन के जिलाध्यक्ष विकास सिंह की ओर से नायब तहसीलदार अनुपम तिवारी को आठ सूत्री मांग पत्र दिया गया। इसमें मांगों के संबंध में बताया गया कि ग्राम बम्भनिया और नींभी में इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कराया जाए, आरआरसी सेंटर के राजस्व की जांच की जाए, किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराई जाए, खाद की कालाबाजारी रोकी जाए। इसके साथ ही बिजली मीटर रीडरों की कार्यप्रणाली की जांच की जाए और विक्टोरिया गंज माइनर की सफाई और सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जाए।
जिलाध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है लेकिन समाधान नहीं हुआ। मांगें पूरी न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सचिन मिश्रा, लखन मिश्रा सहित क्षेत्र के कई किसान मौजूद रहे।
फोटो-16- विद्युत उपकेंद्र परिसर में धरने पर बैठे किसान। संवाद