हरदोई। कछौना थाना क्षेत्र के ग्राम जैतनगर में मायके गई पत्नी से फोन पर झगड़ने के बाद युवक फांसी पर झूल गया। पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की।
कछौना थाना क्षेत्र के ग्राम जैतनगर निवासी तनवीर (28) गुरुवार देर शाम घर में अकेला था। उसका छोटा भाई मदारी मां रुमी को दवा दिलाने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान तनवीर ने घर का गेट बंद कर अंदर कमरे में रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
घटना का पता तब चला जब मदारी अपनी मां रुमी के साथ दवा लेकर वापस घर पहुंचा। कई बार गेट खटखटाने पर भी कोई आवाज नहीं आई तो मदारी चारदीवारी फांदकर अंदर गया। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और तनवीर फांसी पर लटक रहा था।
उसने अंदर से गेट खोला तो मां रुमी भी अंदर आ गईं। तनवीर को फांसी पर लटकते देख दोनो बिलख कर रोने लगे। घटना की जानकारी पर भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि तनवीर मुंबई में ड्राइवरी करता था।
वहां वह अपनी पत्नी रोशनी और तीन वर्षीय पुत्री अफसरा के साथ रहता था। संडीला के ग्राम किटौनी निवासी एक युवक भी ड्राइवरी करता था। बताया जाता है कि रोशनी और उक्त युवक के प्रेम संबंध हो गए। इसके कारण ही तनवीर परिवार समेत मुंबई छोड़कर चला आया था।
गांव आने के दो दिन बाद ही रोशनी मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौरी सरायं में अपने मायके चली गई थी। बच्ची को भी साथ ले गई थी। बीते दिनों तनवीर उसे समझा बुझाकर वापस बुलाने के लिए गया था, लेकिन वह नहीं आई। गुरुवार को उसने काफी देर तक मोबाइल पर रोशनी से बात की। फोन पर ही विवाद हो गया और उसके बाद उसने खुदकुशी कर ली।
तनवीर को गिरफ्तार कराया था
सूत्र बताते हैं कि बीते दिनों जब तनवीर पत्नी रोशनी को विदा कराने गया था तो रोशनी और उसके परिजनों ने हंगामा कर दिया था। विवाद बढ़ने पर रोशनी ने यूपी-100 को फोन कर दिया था। वहां पहुंची पुलिस टीम ने तनवीर को हिरासत में ले लिया था, लेकिन बाद में ले देकर छोड़ दिया था।