बावन। तीन दिन से एक ही जगह पर बिजली का तार जलकर टूटने से लोगों को सुचारु बिजली नहीं मिल पा रही है। मरम्मत के नाम पर औपचारिकता की जा रही है। मरम्मत के आधा घंटा बाद ही तार स्पार्किंग कर जलकर टूट जाता है। इससे करीब पांच हजार से अधिक आबादी को बिजली आपूर्ति सही से नहीं मिल पा रही है।
मरम्मत और रख-रखाव में लापरवाही से बावन की विद्युत व्यवस्था गड़बड़ा गई है। बिजली आपूर्ति की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। बावन में एक ही स्थान पर तीन दिन में तीन बार बिजली का तार जलकर टूट गया। तार की मरम्मत की जाती है, लेकिन आधा घंटा बाद ही तार टूट जाता है। इससे कस्बे के आधे भाग की आबादी को आपूर्ति नहीं हो पा रही है।
कस्बे में 33/11 केवीए बिजली उपकेंद्र से चार फीडरों में बावन टाउन का अलग फीडर है। जिस फीडर से बावन, सराय, भुवनपुरवा, मढ़िया, बुलारपुर आदि गांवों को बिजली दी जाती है। कुछ समय पहले प्रयासों के बाद बिजली के केबल बदले गए थे। तार ढीले हो गए हैं और विभागीय जिम्मेदारों ने उन्हें कसा नहीं। इससे रोज तार आपस में टकराकर जल जाते हैं। पुलिस चौकी के पास रखे 400 केवी के ट्रांसफार्मर से आधे कस्बे को दी जाने वाली बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। रोजाना लोकल फॉल्ट होते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को 18 घंटे के स्थान पर मुश्किल से आठ घंटे ही बिजली मिल पाती है। ट्रिपिंग होती रहती है।
हल्की बारिश और आंधी से दो-दो दिन बिजली आपूर्ति नहीं मिलती है। हालात यह है कि तीन दिन से बैंक ऑफ इंडिया के पास तीन बार बिजली का तार जलकर टूट गया। जेई महेंद्र पालीवाल ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते बार-बार तार जल रहा है। टीम लगाकर खराबी को सही करवाया जाएगा। खराब केबल को बदलवाया जाएगा।