बांगरमऊ के ग्राम सुल्तानपुर के पास गिरा पड़ा एचटी लाइन का पोल। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। बारिश के चलते 33 केवीए का विद्युत पोल जमीन पर गिर गया। इससे उपकेंद्र व उससे जुड़े लगभग दो सौ गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। सूचना मिलते ही जेई कमल किशोर टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और पोल व लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। 22 घंटे बाद बुधवार शाम साढे़ सात बजे बिजली आ सकी।
मंगलवार को दिन से शुरू हुई बारिश रात तक जारी रही। बारिश के दौरान रात लगभग नौ बजे बांगरमऊ से मल्लावां उपकेंद्र जाने वाली 33 केवीए लाइन का एक पोल गिर गया। यह घटना उन्नाव जनपद के सुल्तानपुर गांव के पास हुई। इसके चलते विद्युत उपकेंद्र से संबद्ध कस्बा समेत, राघौपुर, बेरिया, मढ़िया, सुकरौला, तेजीपुर व शाहपुर गंगा आदि दो सौ गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने मरम्मत का प्रयास किया, लेकिन अंधेरा होने व बारिश के चलते मरम्मत नहीं की जा सकी।
इधर, बुधवार सुबह जेई कमल किशोर राठौर ने मौके पर पहुंच कर पोल व क्षतिग्रस्त लाइन सही कराने का काम शुरू कर दिया है। शाम करीब साढे़ सात बजे बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी। आपूर्ति बहाल न होने से कस्बे समेत क्षेत्र की डेढ़ लाख से अधिक आबादी को जहां गर्मी में रात गुजारनी पड़ी। वहीं बुधवार को पूरे दिन उमस भरी गर्मी में पसीना पसीना होना पड़ा। बिजली न आने पर विद्युत आधारित कारोबार भी दिन भर ठप पड़े रहे। जेई कमल किशोर ने बताया कि पोल को सही करने में कुछ वक्त लग रहा है। जल्द से जल्द पोल सही कराकर शाम तक आपूर्ति बहाल की जाएगी।