हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद यूपी बोर्ड के इस बार के परीक्षा परिणामों से नाखुश विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा दे सकेंगे। इसको लेकर बोर्ड ने शेड्यूल जारी कर दिया गया है। परीक्षा 18 सितंबर से छह अक्तूबर तक चलेगी। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 अगस्त निर्धारित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद ने एक बार फिर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्राओं से एक या एक से अधिक विषयों में परीक्षा के लिए आवेदन का अवसर दिया है। आवेदन पत्र परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 27 अगस्त है। जबकि प्रधानाचार्यों के लिए परिषद की वेबसाइट पर आवेदन पत्र अपलोड करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त निर्धारित की गई है।
परीक्षा 18 सितंबर से छह अक्तूबर तक चलेगी। उन्होंने बताया कि इस परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों से परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रयोगात्मक परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले परीक्षार्थी यदि चाहें तो वह भी आगामी प्रयोगात्मक परीक्षा में पुन: शामिल हो सकते हैं।