कछौना (हरदोई)। औद्योगिक क्षेत्र के फेज-दो से 120 क्विंटल लोहे का तार लादकर चालक ट्रक समेत लापता हो गया। ट्रांसपोर्ट के कर्मचारी ने चालक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है।
अतरौली थाना क्षेत्र के सहगांव लालपुर निवासी सुशील कुमार मौर्य कछौना कोतवाली क्षेत्र में स्थित न्यू भारत ट्रांसपोर्ट में कर्मचारी हैं। पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि बीती 22 मार्च को दिन में लगभग 11.30 बजे औद्योगिक क्षेत्र के फेज दो से 120 क्विंटल लोहे का तार भेजा था। तार डीसीएम में भरकर चालक प्रदीप के जरिए मुजफ्फरनगर मंडी के लिए जाना था।
इसके बाद न तो तार संबंधित दुकान तक पहुंचा और न ही चालक का कोई पता चल रहा है। चालक का मोबाइल नंबर भी बंद है। उसके मुताबिक ट्रक मालिक महोली निवासी प्रदीप सिंह संधुआ का मोबाइल भी नहीं मिल रहा है। कोतवाल राकेश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर चालक प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। (संवाद)