फोटो-14- जीआईसी में विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों से मॉडल की जानकारी लेते शिक्षक। संवाद
हरदोई। राजकीय इंटर कॉलेज में बुधवार को 54वीं जनपदीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने सीनियर और जूनियर वर्ग में अपने विज्ञान मॉडलों का प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में आकर्षक मॉडल प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।
बाल विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक और कॉलेज के प्रधानाचार्य श्याम नारायण यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विद्यार्थियों की तरफ से प्रस्तुत किए गए मॉडलों का अवलोकन भी किया। सीनियर वर्ग में वेणी माधव विद्यापीठ बालिका इंटर कॉलेज की दिव्यांशी वर्मा, जीआईसी के शिवम सिंह चौहान, जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज कछौना के प्रिंस जायसवाल अलग-अलग विषयों पर प्रस्तुत किए गए मॉडलों में प्रथम रहे।
इसके अलावा सिकरोहरी के रवि कुमार, जीआईसी के हर्ष गुप्ता और वेणी माधव विद्यापीठ की एंजलीना भारती ने भी पहला स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज के आर्यन गुप्ता, जीजीआईसी की साक्षी वाजपेयी और वेणी माधव विद्यापीठ की शीबू शर्मा, जवेरिया फातिमा और अर्चिशा प्रथम रहीं।
अहम सिंह पटेल, नीलेश व अक्षरा सिंह और अभिनय सिंह ने अपने मॉडलों में पहला स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में कौशल किशोर, कौशल कुमार मिश्र, शाजमा खान और माधव चंद्र मिश्र शामिल रहे। इस दौरान सुधाकर वाजपेयी, अंजलि सिंह, अजय कुमार शुक्ल और मधुप मिश्र सहित विज्ञान शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।