माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के लिए जिले के 119 विद्यालयों को
बोर्ड ने अयोग्य घोषित कर दिया है। इनको परीक्षा केंद्र नहीं बनाया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया तेज हो गई है। नवंबर के प्रथम
सप्ताह में परीक्षा केंद्रों की सूची जारी हो सकती है।
बताते चलें कि
माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा के लिए जिले में 536 विद्यालयों में
पढ़ने वाले 1,78,053 इस बार हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा देंगे।
इनमें हाईस्कूल में संस्थागत 96913 विद्यार्थी हैं। इनमें 60612 बालक और
36301 बालिकाएं हैं। व्यक्तिगत विद्यार्थी के रूप में 3018 ने पंजीकरण
कराया। इनमें 2099 बालक और 919 बालिकाएं हैं। वहीं इंटर के 73,833
विद्यार्थी हैं। इनमें 45,445 बालक और 28,388 बालिकाएं हैं। व्यक्तिगत में
4289 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 2363 बालक और 1924 बालिकाएं
शामिल हैं। बोर्ड की ओर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की नीति जारी की
गई है। जिसमें अर्नह घोषित विद्यालयों को इस बार भी परीक्षा केंद्र न बनाने
के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए बोर्ड से अर्नह विद्यालयों की सूची
जारी
की गई है। जिसमें जिले के 117 विद्यालय शामिल हैं। इसके अलावा बगैर परीक्षा
दिए विद्यार्थियों को पास करने के मामले में बोर्ड ने दो विद्यालयों को
ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। इससे इस बार इन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र
नहीं बनाया जाएगा। इसके साथ ही ऐसे विद्यालय भी परीक्षा केंद्र नहीं बनेंगे
जिनके दो सत्र पूरे नहीं हुए हैं। अर्नह विद्यालयों को परीक्षा केंद्र
नहीं बनाने के
दिशा निर्देश आते ही विद्यालय संचालकों में हड़कंप मच गया।
वहीं परीक्षा प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के
निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। परीक्षा समिति की बैठक करके
विद्यालयों की जांच कराई जाएगी। नवंबर के प्रथम सप्ताह में सूची तैयार होने
की संभावना है।