हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शाहजहांपुर मार्ग पर महंगी कोल्डड्रिंक देने पर आपत्ति जताना ट्रक के हेल्पर के लिए मुसीबत का सबब बन गया। दुकानदार ने ट्रक हेल्पर के पेट में कैंची घोंप दी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के गईलरा निवासी शाहबान (22) ट्रक पर हेल्पर हैं। मंगलवार को शाहजहांपुर रोड स्थित एक वर्कशॉप पर उसके ट्रक की सिर्वस हो रही थी। इसी बीच शाहबान वर्कशॉप के बाहर स्थित एक दुकान पर कोल्डड्रिंक खरीदने पहुंच गया। दुकानदार ने बाजार भाव से पांच रुपये अधिक में कोल्डड्रिंक दी।
इसको लेकर शाहबान और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। दुकानदार के पड़ोस की दुकान में ही उसका पिता कपड़ों की सिलाई का काम करता है। दुकानदार पिता की दुकान में घुसकर कैंची उठा लाया और शाहबान के पेट में घोंप दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र ने बताया कि आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।