विकास भवन के बाहर आक्रोशित अधिवक्ताओं से वार्ता करतीं सीडीओ निधि गुप्ता वत्स। संवाद न्यूज एजेंस
- फोटो : HARDOI
हरदोई। विकास भवन परिसर के बाहर राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत दुकानों के निर्माण के लिए गलत जगह नींव खोदने का आरोप लगाकर वकीलों ने विरोध जताया। उन्होंने बगैर जानकारी तखत तोड़ने की बात भी कही। इसकी जानकारी पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री भी मौके पर पहुंच गए। सीडीओ ने किसी तरह बात कर मामला सुलझाया।
विकास भवन परिसर के बाहर खाली स्थान पर अधिवक्ताओं और स्टांप विक्रेताओं ने तखत डाल रखे थे। कुछ दिन पहले राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तीन दुकानों के निर्माण के लिए विकास भवन के बाहर ही स्थान चिह्नित किया गया था। वकील खलीकुर्रहमान और मुबीन ने आरोप लगाया कि सोमवार को नींव गलत ढंग से खोद दी गई।
इसके अलावा कुछ वकीलों के तखत भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद सिंह और महामंत्री रोहित कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अध्यक्ष ने इस बात पर नाराजगी जताई कि बार को विश्वास में लिए बिना अधिवक्ताओं के तखत हटाए जा रहे हैं। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने अधिवक्ताओं से समस्या पूछी।
उन्होंने नींव के स्थान में मामूली फेरबदल करवा दिया, इसके बाद वकील शांत हुए। अधिवक्ताओं ने मांग की कि उन्हें बैठने के लिए वैकल्पिक स्थान बताया जाए। क्षतिग्रस्त तखतों के बारे में सहायक अभियंता राजेश सिंह ने कहा कि जेसीबी से जमीन को समतल करते समय पेड़ की डाल टूटने से नुकसान हुआ है। इसकी भरपाई को तैयार हैं।