हरदोई। धान क्रय केंद्रों पर अनियमितताओं का आरोप लगाकर स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में धरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। ज्ञापन में सभी किसानों के धान की तौल कराए जाने की मांग की गई है।
स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत समन्वयक हर्ष वर्धन सिंह के नेतृत्व में धरना स्थल पर कार्यकर्ता एकत्र हुए। यहां प्रदर्शन के बाद नगर मजिस्ट्रेट एसके त्रिवेदी को दिए गए ज्ञापन में मांग की गई है कि जो कर्मचारी पिछले 10 साल से एक ही स्थान पर तैनात हैं, उन्हें बदला जाए।
आरोप है कि इनके कारण धान खरीद प्रभावित हो रही है। धान खरीद की जांच कराए जाने की मांग भी की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के धान की तौल बिना रोकटोक कराए जाने की मांग ज्ञापन में शामिल है। इसके अलावा खाद की पर्याप्त उपलब्धता के बाद भी किसानों से 300 रुपये प्रति बोरी अधिक वसूले जाने का आरोप लगाते हुए इसकी भी जांच कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन देने वालों में अखिल भारतीय संयुक्त अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष शिव सेवक गुप्ता, भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह, स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक अवनीश द्विवेदी, भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष सुनील त्रिपाठी आदि शामिल रहे।