फतेहगंज पूर्वी (बरेली)। टिसुआ के पास नेशनल हाईवे पर सोमवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गई। हादसे में कार सवार हरदोई के विभूतिनगर मोहल्ला निवासी अर्पण पांडेय (32) और उनकी मां मनोरमा पांडेय (52) की मौत हो गई। अर्पण मुरादाबाद में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में उप प्रबंधक थे। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देकर मां-बेटे का शव पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया।
फतेहगंज पूर्वी थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि अर्पण अपनी मां मनोरमा के साथ कार से हरदोई से मुरादाबाद जा रहे थे। सुबह 7:30 बजे के करीब टिसुआ के पास नेशनल हाईवे पर अर्पण की कार किसी जानवर को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर डिवाइडर को पार कर दूसरी तरफ जाकर डीसीएम से टकरा गई। डीसीएम बरेली की तरफ से आ रही थी। घायल मां-बेटे को कार से बाहर निकाल कर सीएचसी फरीदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था। आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य हुआ। थानाध्यक्ष ने बताया कि अर्पण के पिता अशोक कुमार दरोगा हैं और वह रामपुर जिले में तैनात हैं। मामले में परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
सुबह हंसी-खुशी निकले थे मां-बेटा शाम को आए शव, सभी की भर आईं आंखे
हरदोई। शहर के मोहल्ला विभूति नगर बिलग्राम चुंगी से सोमवार सुबह हंसी-खुशी निकले मां-बेटा की हादसा में मौत हो गई। शाम को मां-बेटा के शव आए तो सभी की आंखे भर आईं।
विभूति नगर निवासी अर्पण पांडेय (29) मुरादाबाद में उप्र ग्रामीण बैंक में प्रबंधक के पद पर तैनात थे। जैसा कि उनकी भाभी शिवांगी पांडेय ने बताया कि अर्पण की पत्नी सांत्वना पांडेय के 26 सितंबर को पुत्र हुआ है। इन दिनों सांत्वना पांडेय अपने मायके शाहजहांपुर में हैं। बताया कि देवर अर्पण पांडेय दिवाली पर आए थे, उसके बाद ड्यूटी पर गए थे, लेकिन अवकाश के कारण घर आ गए थे। सोमवार को वह मां मनोरमा पांडेय (55) के साथ कार से
ड्यूटी के लिए सुबह करीब 5.15 बजे मुरादाबाद के निकले थे। बताया कि अर्पण को नाश्ता-खाना की दिक्कत न होने पाए के उद्देश्य मां मनोरमा पांडेय साथ जा रही थीं। बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे उनके मोबाइल पर हादसा की जानकारी मिली। जिसमें देवर अर्पण पांडेय और सास मनोरमा पांडेय की मौत की सूचना दी गई।
बताया कि हादसा बरेली जनपद के थाना फतेहगंज पूर्वी में टिसुआ के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। जिसमें कार और डीसीएम की टक्कर में दोनों की जान चली गई। बताया कि बड़े भाई अमित पांडेय और रामपुर में दरोगा पद पर तैनात पिता अशोक कुमार बरेली पहुंच गए। बरेली में पोस्टमार्टम के मां-बेटे शव विभूति नगर आए तो सभी गमगीन हो गए।
-
फोटो 48 : अपर्ण पांडेय। स्रोत : सोशल मीडिया