निरीक्षण के दौरान एक मकान की फ्रिज की ट्रे में मिला लार्वा। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। डेंगू की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान शनिवार को शहर के 15 घरों में फ्रिज की ट्रे में लार्वा मिले हैं। संबंधित मकान मालिकों को एसडीएम सदर/ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के निर्देश पर नगर पालिका ने नोटिस जारी की है। खास बात यह है कि इस माह 13 दिन में शहर में 98 घरों में लार्वा पाए जा चुके हैं। लेकिन पालिका ने कार्रवाई नहीं की। एडीएम ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित मकानों में दोबारा जांच कराई जाए और लार्वा मिलने पर जुर्माना लगाया जाए।
जिले में डेंगू तेजी से फैल रहा है। डेंगू की रोकथाम के लिए नगरीय इलाकों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसकी हकीकत परखने के लिए शनिवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीक्षा जैन ने शहर के अलग-अलग स्थानों का भ्रमण किया। आलू थोक दक्षिणी में उन्होंने कुछ ऐसे घरों का भी निरीक्षण किया, जहां पूर्व में डेंगू के मरीज मिल चुके हैं।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के मुताबिक शनिवार को 15 घरों में फ्रिज की ट्रे में लार्वा मिले हैं। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा है कि डेंगू की रोकथाम के लिए हर किसी को जागरुकता दिखानी होगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही डेंगू पर रोक लगाई जा सकती है।
जलभराव न होने दें
जिला मलेरिया अधिकारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि मकानों के बाहर या सार्वजनिक स्थलों पर तो सफाई की व्यवस्था प्रशासन करा सकता है, लेकिन मकानों के अंदर सफाई रखने के लिए गृहस्वामियों को ही तत्पर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पानी का जमाव किसी भी स्तर पर न होने दें।
डेंगू से पीड़ित कोटेदार की मौत
सांडी। डेंगू से पीड़ित ग्राम गजरी निवासी कोटेदार रामरहीस राजपूत (45) की लखनऊ के एक अस्पताल में शुक्रवार शाम मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पांच नवंबर को शहर में एक प्राइवेट पैथोलॉजी में हुई जांच में रामरहीस के डेंगू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई थी। उनका हरदोई के एक अस्पताल में सुधार चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया था। परिजनों ने बताया कि रामरहीस के तीन बेटे हैं। परिजनों ने डेंगू के दृष्टिगत गांव में सफाई कराए जाने की मांग की है। (संवाद)