हरदोई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को दोबारा कराए जाने की मांग को लेकर बुधवार को आवेदकों ने कलक्ट्रेट पहुंच कर ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पहले ही पेपर वायरल हो गया था।
कलक्ट्रेट पहुंचे तरून, दिनेश कुमार, शिवाजी,आदेश, राहुल वर्मा, अंकित कश्यप सहित 12 से अधिक आवेदकों ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि 17 व 18 फरवरी को हुई पुलिस भर्ती परीक्षा से पूर्व ही टेलीग्राम के माध्यम से पेपर वायरल हो गए थे। इससे आवेदकों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। इसकी जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाए और दोबारा परीक्षा कराई जाए।
वहीं, बिलग्राम में अभ्यर्थियों ने एसडीएम गरिमा सिंह को ज्ञापन दिया। इसमें रूदामऊ की रूबी सिंह, दीपक, सोनू, सोहिल, सुनैना, सत्यम, रितेश ने बताया कि सरकार ने ऑनलाइन आवेदनों के माध्यम से पुलिस भर्ती परीक्षा के आवेदन लिए और गत 17 व 18 फरवरी को विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा का लिखित पेपर करवाया था, जबकि परीक्षा के पेपर पहले ही वायरल हो गए थे। इस कारण से भर्ती के लिए अभ्यर्थी लाभ पाने से वंचित रह जाएंगे। इस धांधली की जांच कर पुनः परीक्षा कराई जाए।