सवायजपुर। कई मांगों को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन दशहरी ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन कर धरना दिया। दोपहर तक ज्ञापन लेने कोई अधिकारी बाहर नहीं आया इसके बाद थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बाढ़ प्रभावित किसानों को राहत सामग्री न मिलने, फसलों का सर्वे न कराए जाने और बेड़ीजोर मजरा खद्दीपुर चैनसिंह में नवीन भारती की भूमि के आवंटन में तहसील कर्मियों के मिलीभगत से गड़बड़ी का आरोप लगाया। जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव ने कहा कि अगर मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो 10 अक्तूबर को किसानों के साथ सवायजपुर तहसील का घेराव कर किसान पैदल जिलाधिकारी कार्यालय की ओर कूच करेंगे।
इस मौके पर लल्लन सिंह, सर्वेंद्र यादव, मुकेश कुमार, छेदा, अनिल कुमार और राहुल वर्मा आदि मौजूद रहे। वहीं एसडीएम शिवानी सिंह ने बताया कि किसानों का ज्ञापन लेने के लिए नायब तहसीलदार राजेश कुमार को भेजा गया था। उन्होंने किसानों के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नियमानुसार राहत सामग्री का वितरण कराया जा रहा है।
धान, गन्ना, तिल और मूंगफली को नुकसान, सरकारी जमीन कब्जामुक्त कराने की मांग
शाहाबाद। भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दिलाने समेत कई मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने भी बुधवार को एसडीएम अवनीश कुमार को ज्ञापन सौंपा। दिए ज्ञापन में बताया गया कि लगातार बारिश के कारण धान, गन्ना, तिल और मूंगफली समेत कई प्रमुख फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में फसलें बर्बाद होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। किसानों ने राजस्व विभाग की टीमों को तत्काल खेतों में भेजकर नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने और प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में सरकारी भूमि को चिह्नित कर उसे भू-माफिया और अवैध कब्जाधारकों के कब्जे से मुक्त कराने की मांग भी की गई।
फोटो 26- सवायजपुर तहसील में धरना प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता। संवाद