हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी गर्भवती की मंगलवार शाम तबीयत बिगड़ गई। संयुक्त चिकित्सालय में देर शाम उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। विवाहिता के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ईश्वरीपुरवा निवासी संतोष ने बेटी साधना (19) की शादी बघौली थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी सुशांत के साथ 10 जून 2025 को की थी। सुशांत का कहना है कि पत्नी साधना गर्भवती थी। कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। छह दिन पहले इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरोरी ले गए थे। यहां से चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज रेफर किया था। सुशांत का दावा है कि मेडिकल कॉलेज न ले जाकर वह साधना को कछौना के एक प्राइवेट अस्पताल ले गया। वहीं भर्ती कराया। मंगलवार को उसे राहत मिलने पर घर ले गया। वहां देर शाम तबीयत बिगड़ने पर साधना को लेकर संयुक्त चिकित्सालय आया। यहां देर रात उसे मृत घोषित कर दिया गया। पिता संतोष का आरोप है कि सुशांत दहेज में बाइक की मांग कर रहा था। यह मांग पूरी न होने पर सुशांत ने साधना की पिटाई की। इसके कारण साधना की हालत बिगड़ी और मौत हो गई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम पैनल से कराया गया है। वीडियोग्राफी भी हुई है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पोस्टमार्टम में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और विसरा सुरक्षित किया गया है।