हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पल्लेपार में गेहूूं के खेत मेें शनिवार को सुबह एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। आसपास गेहूं की फसल जली होने से ज्वलनशील पदार्थ से जलाकर हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने नमूने लेकर साक्ष्य जुटाए। शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के ग्राम पल्लेपार गांव निवासी रज्जन लाल का गांव से 100 मीटर दूूरी पर भट्ठे केेेे पीछे खेत है, जिसमें गेहूं की फसल खड़ी है।
शनिवार को सुबह खेतों तरफ गए ग्रामीणों को बदबू आई तो अंदर घुसने पर एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा दिखा। शव के नीचे पैंट का जला टुकड़ा और कुछ दूरी पर चप्पलें पड़ीं थी।
घटनास्थल के आसपास की गेहूं की फसल जली थी। इससे ग्रामीणों ने ज्वलनशील पदार्थ से जलाकर युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने खेत और उसके आसपास साक्ष्य जुटाए। शव पूरी तरह से क्षत विक्षत होने से शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ हरिशंकर प्रजापति ने बताया कि शव लगभग 10 दिन पुराना लग रहा है। चेहरा आदि पूरी तरह से सड़ चुका था। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ऐसी ही मेरे बेटे की थीं अंगुलियां
शव मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। वहीं दोपहर के बाद कासिमपुर थाने के अल्लीपुर निवासी शिव प्यारी मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि उसका बेटा गोपाल 22 वर्ष छह तारीख से लापता है। उसका कहना है कि मेरे बेटे के पैरों की अंगुलियां इसी तरह की हैं। बताया कि उसकी जमीन का गांव के कुछ लोगों से विवाद है, जिसका मामला न्यायालय में चल रहा है।
उसने उक्त लोगों पर ही बेटे की हत्या कर जलाने का आरोप लगाया है। बताया कि उसने बेटे के लापता होने की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने डीएनए जांच करने की बात कही है।