संडीला। बुधवार दोपहर बाद घर से निकले अधेड़ का शव लखनऊ-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर संडीला कोतवाली क्षेत्र में पड़ा मिला। परिजनों ने मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त की। घटना को लेकर परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाए हैं। मृतक के भाई ने मानसिक रूप से बीमार होने की बात कही है।
लखनऊ जनपद के मलिहाबाद कोतवाली क्षेत्र के ग्राम तिरगवां निवासी मोहम्मद आरिफ (45) पुत्र मोहम्मद इदरीश बुधवार को दोपहर बाद लगभग तीन बजे घर से बिना बताए ही निकल गया था। परिजन उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार की दोपहर में आरिफ का भाई आसिफ उसे खोजते हुए संडीला रेलवे स्टेशन पर पहुंचा तो वहां जानकारी मिली कि उमरताली और दलेलनगर रेलवे स्टेशन के बीच देर रात ट्रेन की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हुई है और शव संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में है। इस पर आसिफ परिजनों के साथ मोर्चरी पहुंचा और शव देखकर शिनाख्त अपने भाई आरिफ के रूप में कर ली। आसिफ ने बताया कि आरिफ पांच भाई बहनों में सबसे बड़ा था और मानसिक रूप से बीमार था। इसी के कारण उसकी शादी भी नहीं हुई थी।