पाली। थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में दीवार के मलबे में दबकर पुत्री की मौत हो गई और पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे की सूचना पर लेखपाल ने गांव पहुंचकर पड़ताल की। एसडीएम ने मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया है।
पाली थाना क्षेत्र के अहमदपुर निवासी रूपलाल (40) का गांव में कच्चा घर है। मंगलवार को पूरी रात रुक रुक कर बरसात हुई थी। सुबह आंगन में रूपलाल पत्नी रूबी (35) और पांच वर्षीय पुत्री हेमलता बैठे थे। हेमलता दीवार के किनारे खेल रही थी, जबकि रूपलाल व रूबी दीवार से कुछ दूरी पर थे। इसी दौरान कच्ची दीवार गिर गई। हेमलता दीवार के मलबे के नीचे दब गई और दंपति भी चपेट में आकर घायल हो गए।
रूपलाल के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर हेमलता को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना एसडीएम पीसी श्रीवास्तव को दी। उनके निर्देश पर हल्का लेखपाल हेतराम ने गांव पहुंचकर पड़ताल की। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बैजूपुर में तीन मकान गिरे
पाली। मंगलवार रात हुई बरसात से बैजूपुर गांव निवासी चंद्र शेखर, चेतराम, रामसागर के कच्चे मकान गिर गए। मकान गिरने के संबंध में ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को जानकारी दी है। एसडीएम पीसी श्रीवास्तव ने लेखपाल को गांव पहुंचकर पड़ताल की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
बिजली से भैंस मरी
पाली। थाना क्षेत्र के केवलपुर गांव में मंगलवार रात बिजली गिरने से गांव निवासी तोताराम पुत्र धनीराम की भैंस मर गई।