माध्यमिक शिक्षा विभाग ने मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सौंपी सूची
- मान्यता प्राप्त विद्यालयों में ही कराए जाएंगे छात्र-छात्राओं के नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बिना मान्यता के संचालित और कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यालयों को चिह्नित कराया जाएगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नोडल अधिकारियों को मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची सौंपी है। उन्हीं विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के नामांकन कराने के साथ ही बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों को चिह्नित किए जाने की जिम्मेदारी दी है।
बिना मान्यता के ही माध्यमिक कक्षाओं का संचालन करने वाले विद्यालयों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों के पंजीकरण पर प्रभाव पड़ता है। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि नोडल अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई। विद्यार्थियों के नामांकन की जिले में प्रगति अभी तक औसतन 40 प्रतिशत है। नामांकन बढ़ाने के साथ ही बिना मान्यता के ब्लाॅक क्षेत्र में संचालित हो रहे विद्यालयों को भी चिह्नित किया जाना है। बताया कि नोडल अधिकारियों को ब्लॉक क्षेत्र के मान्यता प्राप्त विद्यालयों की सूची दी गई है।
बताया कि अब बिना मान्यता प्राप्त कक्षा संचालित करने वाले विद्यालयों की जानकारी आसानी से हो सकेगी। जिससे चिह्नीकरण और कार्रवाई में आसानीी होगी। ऐसे विद्यालयों के चिह्नित होते ही उनके संचालकों की जवाबदेही तय की जाएगी।