बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सिंकदरपुर में रविवार को लेनदेन के विवाद में पड़ोसी ने हलवाई पर कढ़ाई का खौलता तेल फेंक दिया। इसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम सिंकदरपुर निवासी भोले उर्फ हरिशंकर पुत्र छोटे भइया की गांव में हलवाई की दुकान है। रविवार को वह दुकान पर मिठाई बना रहा था। इसी दौरान पड़ोसी अवधेश उससे उधार मांगने लगा। भोले ने बताया कि उसने अवधेश से पिछला बकाया चुकाने के बाद उधार देने की बात कही। इस पर दोनों में गाली-गलौज शुरू हो गई। इससे गुस्साए अवधेश ने कढ़ाई में रखा खौलता तेल उस पर फेंक दिया। इसमें वह गंभीर रूप से झुलस गया। आरोपी जानमाल की धमकी देकर भाग गया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित के पिता छोटे भइया ने घटना की तहरीर दी है। एसओ उमेश्वर प्रसाद यादव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।