हरियावां। खेत में ब्लेड का तार युवक को लगने पर दो पक्षों में मारपीट हुई। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें सीएचसी हरियावां में भर्ती कराया गया। मां-बेटे की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
क्षेत्र के उतरा गांव निवासी बलवंत के खेत में ब्लेड का तार लगा है। मंगलवार सुबह बाबूराम की सुअर बलवंत के खेत में चली गई। जिसको भगाने के लिए बाबूराम का लड़का बलवंत के खेत में घुसा।
बलवंत के खेत में लगा ब्लेड का तार बाबूराम के लड़के को लग गया। इस बात को लेकर बाबूराम व बलवंत के बीच कहासुनी होने लगी। बलवंत आलू के खेत में काम कर रहा था।
बाबूराम के भाई राजकुमार व पुतान बलबंत को लाठी-डंडों से पीटने लगे। बलवंत को बचाने के लिए उसकी पत्नी उमादेवी दौड़ी तो उसको भी बाबूराम भाइयों सहित पीटने लगे। जिससे उमादेवी के सिर में चोट लग गई।
ग्रामीणों के बीच-बचाव करने पर मामला शांत हो गया। दोपहर बाद हरदोई से लौट रहे बलवंत के पुत्र अवनीश गुप्ता (25) पर बाबूराम व उनके भाइयों ने काते से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों को आता देख सभी लोग भाग गए। बलवंत पत्नी और बेटे को लेकर थाने पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने तीनों घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने बलवंत के उपचार के डिस्चार्ज कर दिया।
जबकि डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल उसकी पत्नी व पुत्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी दीनानाथ मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। काते से हमला करने की बात गलत है। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।