पीड़ित फौजी अपनी पत्नी के साथ।
- फोटो : amar ujala
लोनार कोतवाली के कटरा बिल्हौर हाईवे स्थित इलाहाबाद बैंक के भीतर टप्पेबाजों ने एक रिटायर्ड फौजी के हाथ से थैला छीनकर उसमें रखी 18 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। घटना की जानकारी मिलने काफी देर बाद बैंक पहुंचे एसओ लोनार ने जांच पड़ताल की। बताया कि सीसीटीवी फुटेज में थैला जमीन पर गिरते हुए दिखा है। टप्पेबाजी की बात गलत है।
थाना पाली के गांव थरिया निवासी सूर्य बक्श ने बताया कि वह सेना से रिटायर्ड हैं। इलाहाबाद बैंक में उनका खाता है। शुक्रवार को वह पत्नी उर्मिला के साथ बैंक से रुपये निकालने आए थे। बैंक से 16 हजार रुपये निकाले। रुपये थैले में रख दिए। थैले में दो हजार रुपये पहले से थे। परिसर की अंदर ही थैला उसने अपनी पत्नी उर्मिला को थमा दिया।
इस बीच बैंक के अंदर भीड़ में किसी ने पत्नी के हाथ से थैला छीन लिया। वह और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते इससे पहले टप्पेबाज फरार हो गए। सूर्य बक्श ने बताया कि घटना के तुंरत बाद उन्होंने बैंक से कुछ दूरी पर ड्यूटी कर रहे एसओ लोनार नजमुल हसन नकवी को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया।
दोपहर तीन बजे बैंक पहुंचे कोतवाल ने जांच पड़ताल की। कोतवाल नजमुल हसन ने बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज में थैला जमीन पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। टप्पेबाजी की बात गलत है। पुलिस जांच कर रही है।