तालाब में जहरीला पदार्थ डालकर मछलियां मारने को लेकर हुए विवाद के बाद सोमवार को दो पक्षों में जमकर पथराव के बाद लाठी-डंडे चले और फायरिंग हुई। इसमें चार लोग घायल हो गए। कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि अभी एक ही पक्ष से तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मगरापुर गांव निवासी दद्धन यादव ने गांव में स्थित तालाब में मछलियां पाल रखी हैं। पांच जनवरी को उसके तालाब में पली मछलियों की बड़ी संख्या में मौत हो गई थी। इस मामले में दद्धन ने गांव के ही सियाराम आदि पर तालाब में जहरीली दवा डालने का आरोप लगा कोतवाली में तहरीर दी थी। सोमवार को इसी बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व ईंट पत्थर चले। इस बीच एक पक्ष ने फायरिंग शुरू कर दी। जिससे गांव में सनसनी फैल गई। घटना में जयदेवी (32) पत्नी सियाराम और उसकी भतीजी पुष्पा (17) पुत्री लालाराम गोली लगने से घायल हो गईं। वहीं सरस्वती (30) पत्नी कमलेश और विनीत (28) पुत्र श्यामचरण डंडा लगने से घायल हो गए। कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल जयदेवी, पुष्पा, सरस्वती व विनीत को अस्पताल भेजा। कोतवाल अमर सिंह रघुवंशी ने बताया कि सियाराम के पक्ष से जयदेवी ने दद्धन समेत चार लोगों और सरस्वती ने दो लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। दूसरे पक्ष से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।