हरदोई। कोतवाली शहर पुलिस ने रविवार को बीएसए कार्यालय के वरिष्ठ लिपिक पर कोतवाली शहर में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़ित युवक ने वरिष्ठ लिपिक पर सहायक अध्यापक बनवाने के लिए लाखों रुपये लेने व नौकरी न लगवा पाने पर रुपये वापस न करने, उसके साथ मारपीट व गालीगलौज करने का आरोप लगाया था।
बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रामनाथ वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को गोरखपुर के थाना कैंट के रानीडीहा निवासी गिरिजेश कुमार ने बेसिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ लिपिक पर नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली शहर पुलिस को बताया कि वरिष्ठ लिपिक ने शिक्षक भर्ती के दौरान उससे शिक्षक भर्ती के दौरान सहायक अध्यापक बनवाने के नाम पर लाखों रुपये लिए और शैक्षिक अभिलेख भी अपने पास रख लिए।
लेकिन वह उसकी नौकरी नहीं लगवा पाए। नौकरी न लग पाने पर उसने वरिष्ठ लिपिक से रुपये और शैक्षिक अभिलेख लौटाने की मांग की। इस पर वरिष्ठ लिपिक नाराज हो गए और उन्होंने उसके साथ मारपीट व गालीगलौज की। कोतवाली शहर भगवान सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक की तहरीर पर रविवार को कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की ली है। इस मामले में जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ लिपिक रामनाथ ने बताया कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। वह जिले से बाहर हैं। अभी उन्हें केवल एफआईआर दर्ज होने की बात पता चली है।