पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे के शाहाबाद रोड स्थित देशी शराब के ठेके को मिलावटी शराब मिलने पर सील कर दिया गया है। मामले में आबकारी निरीक्षक की तहरीर पर ठेका मालिक भाजपा नेता के पुत्र और सेल्समैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। ठेके से 3350 पौआ अपमिश्रित शराब बरामद हुई है।
आबकारी विभाग के अधिकारियों को लगातार सूचना मिल रही थी कि ग्रामीण इलाकों में स्थित शराब के ठेकों पर मिलावट का खेल चल रहा है। पता चला था कि देशी शराब के पौआ खोलकर इसमें नशीला घोल मिला दिया जाता है। ऐसे में एक पौआ से आसानी से दो पौआ बन जाते हैं। सोमवार शाम आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, पाली के थानाध्यक्ष डीपी सिंह पुलिस बल के साथ पाली चौराहे पर पहुंचे। यहां से सभी पैदल ही ठेके तक गए। जब उक्त अधिकारी ठेके पर पहुंचे तो यहां मौजूद सेल्समैन विशाल यादव पुत्र विनोद कुमार निवासी बघराई थाना सांडी देशी शराब के पौआ खोलकर उसमें नशीला घोल मिला रहा था। उसने बताया कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए शराब में मिलावट करता है। उसकी निशानदेही पर ठेके में ही रखी 67 पेटी (3350 पौआ) अपमिश्रित शराब बरामद हुई। जब स्टाक रजिस्टर और लाइसेंस देखा गया, तो पता चला कि उक्त ठेका भाजपा नेता राजेंद्र मिश्रा के पुत्र अभिषेक मिश्रा के नाम है। मौके से पुलिस ने 38 पौआ खाली बरामद किए। पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को देने के बाद जिला आबकारी अधिकारी परशुराम दुबे के निर्देश पर दुकान सील कर दी गई। पौआ भी पुलिस ने सील कर दिए हैं।
अब पुलिस की निगाह में आए भाजपा नेता
हरदोई। पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने शराब के अवैध कारोबार को खत्म करने की कवायद शुरू की है। शराब माफिया जेपी गुप्ता, रामजी गुप्ता, सुभाष पाल, नलिन गुप्ता उर्फ डब्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लगभग आठ माह तक जेल में रहने के बाद इनमें से जेपी गुप्ता को ही जमानत मिल पाई है। गत दिनों शाहाबाद की ब्लाक प्रमुख के जेठ नलिन गुप्ता की गिरफ्तारी के समय एसपी से सवाल किया गया था कि अगला नंबर किसका है। उस समय एसपी ने इंतजार करने की बात कही थी, लेकिन चंद रोज बाद ही अपमिश्रित शराब को लेकर शिकंजा कस दिया गया। इस बार भाजपा नेता का पुत्र कार्रवाई की जद में आ गया।