इंदिरापार्क में पुलिस अधिकारियों से बात करते मुसलिम समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मोहल्ला नवाबगंज के मुस्लिम कब्रिस्तान की एक कब्र क्षतिग्रस्त होने के मामले मेें पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के पति सहित कई लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पालिकाध्यक्ष पर कब्र क्षतिग्रस्त होने की साजिश का आरोप है। सांडी के मोहल्ला नवाबगंज में मुसलिम समाज का कब्रिस्तान है। इसी के बगल में कंजर जाति के लोग रहते हैं। मंगलवार को कब्रिस्तान की बाउंड्रीवाल बनाने के लिए जेसीबी से नींव खोदी जा रही थी।
सभासद रन्नो व पूर्व सभासद गुड्डी सहित कंजर बिरादरी के लोगों ने इसका विरोध किया। कंजर बस्ती का रास्ता कब्रिस्तान के किनारे से जाता है। उनका कहना था कि बाउंड्री बनने से बस्ती का सीधा रास्ता बंद हो जाएगा। गंदा पानी भी कहां से निकलेगा। मौके पर पहुंचे चेयरमैन के पति रामजी गुप्ता ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया था। बुधवार सुबह एक कब्र क्षतिग्रस्त मिली।
इसकी जानकारी मिलने पर मुस्लिम समाज के आजम उर्फ मुन्ने, जब्बार, खुर्शीद, फुरकान खां, सहित सौ से अधक लोग कब्रिस्तान पहुंचे फिर इंदिरा पार्क में बैठक के बाद प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर सीओ कमर मजीद और थानाध्यक्ष संजय मौर्या मौके पर पहुंचे। सीओ के समझाने पर प्रदर्शनकारी शांत हो गए। कब्रिस्तान खुर्शीद की जमीन पर है। खुर्शीद ने ही पालिकाध्यक्ष के पति रामजी गुप्ता, अनिल कंजर सहित कई अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी।
इस पर पुलिस ने सभी के खिलाफ रिपोर्ट कर ली। अध्यक्ष के पति रामजी गुप्ता ने कहा कि मुझे राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। कल समर्थकों के साथ इंदिरा पार्क में बैठक करूंगा। निष्पक्षता से जांच हो तो सब कुछ सामने आ जाएगा।