सांडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरामुल्ला में बुधवार देर रात मुंडन कार्यक्रम के दौरान डीजे में गाने की फरमाइश पर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल भेजा, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष क ी तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
सांडी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरामुल्ला निवासी जयपाल कुशवाहा के पुत्र अंकित का बुधवार को मुंडन हुआ था। रात में डीजे लगवाया था तथा नृत्यकी को बुलाया था। इसी दौरान मोहल्ला निवासी हरिशंकर उर्फ छोटे लाल (27) पुत्र चंद्र प्रकाश ने एक गाने की फरमाइश की तो लोगों ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद हो गया। इसी दौरान लाइट चली गई। इससे भगदड़ मच गई। अंधेरा होने पर किसी ने गोली चला दी। लाइट चालू की गई तो हरिशंकर जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था।
गोली उसके सीने में लगी थी। चंद्र प्रकाश की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हरिशंकर को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां से डाक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मोहल्ला निवासी जयपाल, छोटे, डालचंद व अंबर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है। थाना प्रभारी अल्ताफ अंसारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।