शाहाबाद (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के बबुराई मार्ग पर गुरुवार को एक 45 वर्षीय युवक का शव मिला। उसके दोनों पैर कटे हैं और चेहरे को धारदार हथियाराें से क्षत विक्षत किया गया है। दूधियों की सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से रोडवेज बस का टिकट और बरेली के एक बैंक में रुपये जमा करने की रसीद मिली है। एसपी उमेश कुमार सिंह व एएसपी पश्चिमी नित्यानंद राय ने घटना स्थल पर पहुंच कर जायजा लिया। कागजों के आधार पर शव की शिनाख्त के लिए पुलिस टीम बरेली भेजी गई है।
पुलिस के अनुसार, उसके शरीर पर हल्के कलर की चौखाना शर्ट व पटरे का अंडरवियर था, पैंट गायब थी। पुलिस को घटनास्थल से 25 मई की शाम पांच बजे का शाहजहांपुर से हरदोई तक का रोडवेज टिकट और बरेली जिला के शहर की ओरियंटल बैंक की नवाबगंज शाखा में जमा की गई 500 रुपये की रसीद मिली है। बैंक रसीद पर जमा करने वाले का नाम नंदराम अंकित है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की हत्या कर शव फेंका गया है। हत्यारों ने शिनाख्त मिटाने के लिए चेहरे को धारदार हथियारों से गोद दिया। घटनास्थल पर मिले प्रपत्रों के संबंध में लोगों का कहना है कि हत्यारों ने अन्य स्थान पर हत्या कर शव बबुराही के पास फेंका है।
कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की हत्या कर शव फेंके जाने की पुष्टि होती है। हत्यारों ने शिनाख्त मिटाने के लिए चेहरे को धारदार हथियारों से गोदा है। घटनास्थल से मिले प्रपत्रों के आधार पर शिनाख्त के लिए पुलिस टीम बरेली रवाना की गई है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।