बाबरपुर निवासी महिला की सोमवार सुबह गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार को शव गांव पहुंचा तो पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने गांव वालों से पूछताछ कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
ग्राम मल्लूपुर थाना कांट जनपद शाहजहांपुर निवासी नन्हे भैया ने बताया कि उन्होंने बेटी मोनी (25) की शादी तीन साल पहले बाबरपुर गांव निवासी मंजीत बाजपेई पुत्र विनोद बाजपेई के साथ की थी। वह परिवार समेत गाजियाबाद में रहता है। शादी के बाद से ही मंजीत और उसके परिजन दहेज में बाइक, अंगूठी और सोने की चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने मोनी को प्रताड़ित किया। नन्हे भैया ने दामाद मंजीत, उसके पिता विनोद, मां, बहनोई सरवन व मंजीत की बहन कल्पना पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को पिता और ससुराल पक्ष के लोग मोनी का शव लेकर गांव आए। मामला पुलिस तक पहुंचा तो ससुराल वाले फरार हो गए। नन्हे भैया ने पुलिस को तहरीर दी है। एसओ दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि मामला गाजियाबाद का है। वहीं रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।