सराफ की दुकान में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर चौराहे पर स्थित बाजार में सराफा की दो दुकानों में मंगलवार रात चोरों ने हाथ साफ कर दिया। घटना के दौरान ही गश्त पर निकले सिपाहियों के ललकारने पर चोर जेवरों भरी तिजोरी छोड़कर भाग गए। दोनों दुकानों से लगभग एक लाख रुपये के जेवर और 35 हजार रुपये चोरी हुए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के ग्राम नयागांव भैंसरी निवासी अखिलेश रस्तोगी की हरिहरपुर में अखिलेश ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। इसी दुकान के पड़ोस में शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ा चौराहा निवासी मुकेश चंद्र रस्तोगी की सावित्री ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। मंगलवार रात दो बजे मुकेश की दुकान में घुसे चोरों ने तीस हजार रुपये के जेवर चुरा लिए। तिजोरी तोड़ने का भी प्रयास किया। इसके बाद चोरों ने अखिलेश रस्तोगी की दुकान का शटर उचकाया। दुकान में घुसे चोरों ने 70 हजार रुपये की चांदी और काउंटर की गोलक में रखे 35 हजार रुपये चुरा लिए। अखिलेश की दुकान से तिजोरी ले जा रहे चोरों को इलाके में गश्त कर रहे सिपाही रामानंद शुक्ला और संजय मिश्रा ने देख लिया। उनके ललकारने पर चोर तिजोरी छोड़कर भाग गए। घटना की सूचना सिपाहियों ने दोनों दुकानों के मालिकों को दी। उपनिरीक्षक इंतजार हुसैन को भी अवगत कराया। उपनिरीक्षक ने दुकानदारों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।