मल्लावां (हरदोई)। नातिन की शादी में शामिल होने आए चचिया ससुर के साथ बातचीत कर रहे दामाद पर गांव के दबंगों ने हमला कर दिया। गोली चचिया ससुर के लग गई। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। घायल को सीएचसी ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सीओ ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश का मामला बताया जा रहा है। तीन हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बेरिया नजीरपुर निवासी बृजेश कुमार की बेटी की गुरुवार को शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए उसके चचिया ससुर मेड़ीलाल (50) निवासी बरसिंघी थाना मोखी जिला उन्नाव आए थे। बुधवार की रात करीब 10 बजे बृजेश घर के बाहर मेड़ीलाल के साथ चारपाई पर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी बीच गांव निवासी मदारू व साहिमपुर हर्रैया निवासी बबलू अपने एक साथी के साथ आए और किसी बात को लेकर कहासुनी करने लगे। विवाद बढ़ने पर उनमें से एक ने तमंचे से फायर कर दिया।
गोली बृजेश के पास बैठे मेड़ीलाल के प्राइवेट पार्ट में जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज से मोहल्ले के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों के दौड़ने पर हमलावर फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर कोतवाल सियाराम सरोज फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को पीएचसी भेजवाया जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। बृजेश के भाई सर्वेश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज की। क्षेत्राधिकारी बिलग्राम बलवंत चौधरी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं। गांव में फोर्स तैनात कर दिया गया है।