हरदोई। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत रिटेल मैनेजमेंट कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके छात्रों ने गुरुवार को बीसीसीआई कंप्यूटर सेंटर के संचालक पर धोखधड़ी का आरोप लगाया है। इस संबंध में प्रशिक्षणार्थियों ने डीएम को शिकायती पत्र दिया है। उधर, इस संबंध में कंप्यूटर सेंटर के संचालक ने आरोप को निराधार बताया है।
धर्मशाला रोड निवासी सुमन मिश्रा, शौभन मिश्रा, प्रिया अवस्थी, प्रीती अवस्थी, प्रतीत मिश्रा, प्रज्ञा मिश्रा, मीना यादव ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सभी छात्रों ने बीसीसीआई कंप्यूटर सेंटर में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत रिटेल मैनेजमेंट कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया था कि सभी छात्रों को आर्थिक सहायता के रूप में 7500 रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए सभी छात्रों के बैंक खाते भी खुलवाए गए। सभी प्रशिक्षणार्थियों के बैंक खातों में 7500 रुपये की धनराशि प्राप्त हुई, लेकिन कुछ दिन बाद एडमीशन फार्म के नाम पर सभी छात्रों से हस्ताक्षर करवा लिए और 800 रुपये बैंक में छोड़कर 6700 रुपये कंप्यूटर संचालक ने धोखाधड़ी कर निकाल ली।
उन्होंने डीएम को शिकायती पत्र देकर संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रुपये वापस कराने की मांग की है। बीसीसीआई कंप्यूटर सेंटर संचालक तौसीक अहमद खान ने बताया कि दूसरे संस्थान ने छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया था। पैसे के लेनदेन के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उप्र कौशल विकास के प्रबंधक शशिकांत सिंह ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के संबंध में बताया कि बीसीसीआई कंप्यूटर सेंटर पर उनके यहां से रजिस्टर्ड नहीं है। कंप्यूटर सेंटर पर कोई प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं चलाया जा रहा है।